Rajasthan Police ने बिहार जाकर उस गिरोह को पकड़ लिया है जिनके डर से 56 वर्षीय महिला को आत्महत्या करनी पड़ी
Rudra News Express Jaipur-Jhalawar.
पुराने और दुर्लभ सिक्के लाखों रुपये में खरीदने का लालच। फिर अलग-अलग बहानों से पैसों की मांग और रकम देने से इनकार करने पर फर्जी पुलिस नोटिस और AI से तैयार डरावने फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग। साइबर ठगी का ऐसा ही एक गंभीर मामला झालावाड़ में सामने आया है। ठगों की लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 56 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली थी। अब इस मामले में झालावाड़ पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है।

दरअसल राजस्थान की झालावाड़ पुलिस ने पुराने और दुर्लभ सिक्के लाखों रुपये में खरीदने का झांसा देकर महिला से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह ने फर्जी पुलिस नोटिस, AI से तैयार डरावने फोटो-वीडियो और बेटे को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर 56 वर्षीय महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
उत्पीड़न से आहत महिला ने आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने बिहार के विभिन्न जिलों से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 बालक और 1 बालिका को निरुद्ध किया है। बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा हुआ।
मधुबाला ठाकुर यूं ठगों के जाल में फंसी :
मामला झालावाड़ की सुभाष कॉलोनी का है, जहां रहने वाली मधुबाला ठाकुर साइबर ठगों के जाल में फंस गई थीं। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर पुराने और दुर्लभ सिक्कों को लाखों रुपये में खरीदने के विज्ञापन के जरिए ठगों ने महिला से संपर्क किया। आरोपियों ने 'RJGYANI OLD COIN COMPANY' के नाम से महिला से बातचीत शुरू की। शुरुआत में छोटी रकम ली गई, लेकिन बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी। जब महिला ने आर्थिक असमर्थता जताते हुए अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उन्हें डराना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

पुलिस भी हैरान :
पुलिस के अनुसार, ठगों ने महिला को व्हाट्सएप के जरिए AI से तैयार किए गए डरावने फोटो और वीडियो भेजे। इनमें पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो, दुर्घटनाग्रस्त कार, घायल व्यक्ति की तस्वीरें और अस्पताल के नाम से तैयार फर्जी बिल शामिल थे। इन तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल इलाज तथा अन्य बहानों से महिला से अतिरिक्त रकम वसूलने के लिए किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने महिला को डराने के लिए पुलिस थाना झालावाड़ की तस्वीर भी AI की मदद से तैयार कर भेजी, जिसमें पुलिसकर्मियों के सामने 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां दिखाई गई थीं।
इतनी ब्लैकमेलिंग कि महिला ने कर ली आत्महत्या :
ब्लैकमेलिंग का सिलसिला यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने दिल्ली पुलिस के नाम से फर्जी लेटरहेड और नोटिस तैयार कर महिला को भेजा। इस नोटिस में महिला का नाम, पता और फोटो लगाकर 5 लाख 50 हजार रुपये की राशि जब्त होने की झूठी जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला को धमकी दी गई कि उनके बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसा दिया जाएगा और उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा वॉयस कॉल और वॉयस नोट के माध्यम से महिला को धमकाने के तथ्य सामने आए हैं। लगातार आर्थिक शोषण, कर्ज और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियों के चलते महिला गंभीर मानसिक दबाव में आ गईं। पुलिस के अनुसार, इसी प्रताड़ना से आहत होकर 56 वर्षीय मधुबाला ठाकुर ने आत्महत्या कर ली।
बेटी ने करवाई रिपोर्ट, हरकत में आई पुलिस :
इसके बाद उनकी पुत्री कल्पना ठाकुर ने 1 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। शुरुआत में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अनुसंधान शुरू किया। मृतका के मोबाइल फोन की जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग के पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आने लगी।
टीमें बनी, अंतरराज्यीय पड़ताल :
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने मृतका के मोबाइल फोन, बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, यूपीआई क्यूआर कोड और कॉल डिटेल का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में कई किस्तों के जरिए रकम ट्रांसफर करवाई थी। पुलिस के अनुसार, रंजू देवी के पीएनबी खाते में 64 ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 36 हजार 715 रुपये, सतीश कुमार के एसबीआई खाते में 24 ट्रांजेक्शन के जरिए 1 लाख 3 हजार 481 रुपये और मंजू देवी के एसबीआई खाते में 12 ट्रांजेक्शन के जरिए 36 हजार 501 रुपये ट्रांसफर हुए थे। अन्य खातों में भी संदिग्ध लेन-देन सामने आए।
तार जोड़ते पहुंचे बिहार, 06 गिरफ्तार :
तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस को ठगी के नेटवर्क के तार बिहार से जुड़े मिले। इसके बाद करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार में कार्रवाई के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिलों की पुलिस के सहयोग से 6 नवंबर को अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई में मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अपराध में संलिप्त दो बालक और एक बालिका को निरुद्ध किया गया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर झालावाड़ पहुंचाया और न्यायालय में पेश किया। सभी छह आरोपी फिलहाल तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। वहीं, विधि से संघर्षरत तीनों बालक-बालिकाओं को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल करवाया गया है। पुलिस मामले में गिरोह के नेटवर्क, अन्य संभावित पीड़ितों और साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों की भूमिका को लेकर आगे अनुसंधान कर रही है।

