Rajasthan Police Polo Team : देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार, उद्घाटन मैच में टीम ब्लू ने रेड को 6-2 से दी मात
पोलो के मैदान में राजस्थान पुलिस, अब घोड़ों पर दिखेगा खाकी का दम!
Rudra News Express Jaipur.
अब तक अपराधियों का पीछा करते, कानून-व्यवस्था संभालते और मैदान पर परेड करते नजर आने वाली राजस्थान पुलिस जल्द ही पोलो के मैदान में भी अपना दमखम दिखाएगी। खाकी वर्दी वाले पुलिसकर्मियों ने अब घोड़ों की तेज रफ्तार के साथ पोलो की दुनिया में कदम रख दिया है। राजस्थान पुलिस ने देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार कर एक नया अध्याय शुरू किया है।

पुलिस के हाथ में डंडे की जगह पोलो का मैलेट :
राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में गुरुवार शाम नजारा कुछ अलग था। मैदान में पुलिस के जवान थे, लेकिन हाथ में डंडा नहीं बल्कि पोलो का मैलेट था। सामने तेज रफ्तार घोड़े थे और निशाने पर थी गेंद। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर राजस्थान पुलिस की पोलो टीम और उद्घाटन मुकाबले का आगाज किया।
इसके साथ ही शुरू हुआ घोड़ों की टाप, रफ्तार और खिलाड़ियों के शानदार तालमेल का रोमांच। टीम रेड और टीम ब्लू के बीच खेले गए प्रदर्शन मैच में खिलाड़ियों ने घोड़ों पर सवार होकर जिस अंदाज में गेंद पर नियंत्रण बनाया, उसने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। मुकाबले में टीम ब्लू ने बाजी मारते हुए टीम रेड को 6-2 से हरा दिया। टीम रेड में जितेंद्र सिंह, मयूर सिंह, विजय और देवेंद्र मैदान में उतरे, जबकि टीम ब्लू की ओर से अजय सिंह, शुभम गुप्ता, राजेश कुमार और डूंगर सिंह ने मोर्चा संभाला।

खाकी के साथ अब पोलो की जर्सी भी :
राजस्थान पुलिस के लिए यह सिर्फ एक प्रदर्शन मैच नहीं, बल्कि खेलों के क्षेत्र में नई पहचान की शुरुआत है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस ने कम समय में पोलो टीम तैयार की है और आने वाले समय में यह टीम विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेगी। उनका कहना है कि खेल पुलिसकर्मियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। पोलो टीम के लिए जरूरी संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।

पुलिस का लक्ष्य सिर्फ मैदान तक नहीं :
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं मुख्य खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह ने इसे ऐतिहासिक पहल बताया। उनके मुताबिक डीजीपी के विजन के अनुरूप टीम तैयार की गई है और अब नियमित अभ्यास के जरिए इसे बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। यानी राजस्थान पुलिस का लक्ष्य सिर्फ पोलो मैदान में उतरना नहीं, बल्कि आने वाले समय में प्रतियोगिताओं में जीत के लिए मुकाबला करना है।
एक शाम, दो नई शुरुआत :
इस समारोह की खासियत यह भी रही कि पोलो टीम के साथ राजस्थान पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड की भी शुरुआत हुई। एक ओर मैदान में घोड़ों की टाप और पोलो की गेंद की रफ्तार थी, तो दूसरी ओर पुलिस बैंड की धुनों ने माहौल को नया रंग दिया।

