Rajasthan Police : ये 07 ADGP राजस्थान में कानून-व्यवस्था की करेंगे सीधी निगरानी
RNE Jaipur.
पुलिस मुख्यालय, राजस्थान, जयपुर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया है। इसके तहत सात अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, राजस्थान स्तर के अधिकारियों को विभिन्न रेंजों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह कदम जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने और मुख्यालय की प्राथमिकताओं की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है।
किसे मिली कहाँ की जिम्मेदारी:
महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था श्री संजय कुमार अग्रवाल द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार ए.डी.जी. कार्मिक श्री बीजू जॉर्ज जोसफ के. को भरतपुर रेंज, ए.डी.जी. ए.टी.एस., ए.जी.टी.एफ. श्री दिनेश एम. एन. को जयपुर रेंज, ए.डी.जी. कम डायरेक्टर आर.पी.ए. श्री संजीव कुमार नर्जारी को बीकानेर रेंज, ए.डी.जी. एस.ओ.जी. श्री विशाल बंसल को कोटा रेंज, ए.डी.जी. मुख्यालय श्री हवा सिंह घुमरिया को जोधपुर रेंज व आयुक्तालय, ए.डी.जी. विजिलेंस श्री एस. सेंगथिर को उदयपुर रेंज और ए.डी.जी. आर्म्ड बटालियन श्री रुपिन्दर सिंघ को अजमेर रेंज का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस मुख्यालय, राजस्थान, जयपुर द्वारा ए.डी.जी. स्तर के इन 7 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिलों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति, पुलिस प्राथमिकताओं की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा एवं अपेक्षित प्रगति अर्जित करने के सम्बन्ध में प्रभारी के रुप में रेंज आवंटित की गई है।

