Movie prime

Rajasthan Public Transport : अगस्त तक 500 ई-बसें चलेगी, 9 आधुनिक ई-बस डिपो बनेंगे

रोडवेज बेड़े में 144 ब्लू-लाइन और 30 एसी स्लीपर बसें भी होंगी शामिल

 

RNE Jaipur.

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और प्रदूषण कम करने के लिए राज्य सरकार अब बड़े स्तर पर ई-परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत की पहल के तहत अगस्त 2026 तक प्रदेश में 500 ई-बसें संचालित की जाएंगी।

इन बसों का संचालन पीएम ई-बस योजना और राज्य सरकार की स्वीकृत योजनाओं के तहत किया जाएगा। ई-बसों के लिए प्रदेश में 9 अत्याधुनिक ई-बस डिपो भी तैयार किए जा रहे हैं।

रोडवेज को भी मिलेगा नया बेड़ा : 

राज्य सरकार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) के बेड़े का भी विस्तार कर रही है। योजना के तहत अगस्त तक 144 नई ब्लू-लाइन बसें और 30 एसी स्लीपर बसें रोडवेज को उपलब्ध करा दी जाएंगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक आरामदायक और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक : 

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में ई-परिवहन सेवाओं के विस्तार और प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में स्वायत्त शासन विभाग, परिवहन विभाग, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड और राजस्थान रोडवेज के अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने को लेकर गंभीर हैं। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और यातायात दबाव को देखते हुए ई-बसों का संचालन समय की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की खपत घटेगी, आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और शहरी परिवहन अधिक व्यवस्थित और सुगम बनेगा।

FROM AROUND THE WEB