Rajasthan : राजस्थान विस में 21 व 24 अक्टूबर को छुट्टी, कर्मचारी बोले पूरे प्रदेश में हो अवकाश
RNE Jaipur-Bikaner.
इस बार दीपावली के अवसर पर छुट्टियों का ऐसा संयोग बैठ रहा है कि अगर 21 और 24 अक्टूबर दो दिन अवकाश घोषित हो जाएं तो कर्मचारी पूरे 09 दिन छुट्टी माना सकते हैं। इसी के देखते हुए राजस्थान विधानसभा में इन दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इससे इतर प्रदेशभर के कर्मचारी भी इसी तर्ज पर छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे है। कर्मचारियों का कहना है दीपावली और गोवर्धन पूजा के बीच 21 अक्टूबर का दिन कार्यदिवस हैं। इस सैंडविच-डे को छुट्टी घोषित की जाये। इसके साथ ही 24 अक्टूबर को भी अवकाश घोषित करने की मांग उठाई गई है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने छुट्टी घोषित की
दरअसल राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पांच दिवसीय दीपावली के त्योहार पर विधानसभा कर्मियों की सुविधा के मद्देनजर राजस्थान विधानसभा सचिवालय में 21 व 24 अक्टूबर का अवकाश घोषित किया है। इस आशय से आदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ने शुक्रवार को जारी किए।
इस आदेश के बाद विधानसभा कर्मियों में खुशी की लहर है। विधानसभा कर्मियों व उनके परिजनों ने इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का आभार जताया है। दीपावली के त्योहार पर जयपुर से बाहर जाने वाले कर्मियों ने बताया कि अब वे दीपावली के त्यौहार को दोगुने उत्साह के साथ मना सकेंगे साथ ही इस दौरान आने वाले सभी अवकाशों का उपभोग अपने परिजनों के साथ अपने गांव में कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधान सभा सचिवालय में गत 21 मार्च और 31 अगस्त को अवकाश के दौरान कार्य दिवस रहा था।
दो दिन छुट्टी हो तो 09 दिन लगातार अवकाश :
इस बार 18 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक के 9 दिनों में 7 दिन अवकाश है और 2 दिन कार्य दिवस रहेगा। अगर इन दो कार्य दिवसों पर कर्मचारी ने सीएल ली तो उनका 9 दिन का अवकाश हो जाएगा। इसमें 21 अक्टूबर और 24 अक्टूबर का कार्य दिवस है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार से मांग की है कि 21 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया जाए। क्योंकि दीपावली और गोवर्धन-भाई दूज के त्योहार के बीच 21 अक्टूबर का कार्य दिवस आ रहा है। सरकार अगर इस दिन का अवकाश घोषित कर दे तो कर्मचारियों को राहत मिल सकती है।
पांडे बोले-सीएम साहब 21 को कर्मचारी कैसे आएंगे :
राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मुख्य महामंत्री महेंद्र पांडे ने बताया कि संगठन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। पांडे ने कहा कि इस बार 20 अक्टूबर को दीपावली का त्योहार है। दीपावली पर कर्मचारी अपने घर चले जाते हैं। इस दिन रात्रि को दीपावली मना कर अगले दिन 21 अक्टूबर को सुबह कार्यालय तक पहुंचना मुश्किल रहेगा। इसके बाद फिर दो दिन 22 व 23 अक्टूबर को अवकाश है। ऐसे में सरकार अगर 21 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दे तो कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
पिछले साल भी ऐसा हो चुका
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में 31 अक्टूबर को दीपावली के अगले दिन 1 नवंबर को कार्य दिवस था। फिर दो दिन का अवकाश था, लेकिन राज्य सरकार ने कर्मचारियों को राहत देते हुए 1 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया था।
यह है छुट्टियों का कैलेंडर :
18 अक्टूबर : शनिवार का अवकाश
19 अक्टूबर : रविवार का अवकाश
20 अक्टूबर : दीपावली का अवकाश
21 अक्टूबर : कार्य दिवस
22 अक्टूबर गोवर्धन पूजा अवकाश
23 अक्टूबर : भाई दूज का अवकाश
24 अक्टूबर : कार्य दिवस
25 अक्टूबर : शनिवार का अवकाश
26 अक्टूबर : रविवार का अवकाश