Rajasthan : राजस्थान मुख्यमंत्री ने एक करोड़ लोगों के खातों में भेजी राशि, 1 हजार 590 करोड़ रुपये किए वितरित
राजस्थान के लगभग एक करोड़ लोगों की बैंक खातों की घंटी बजी है। मुख्यमंत्री भजनलाल ने एक साथ एक करोड़ लोगों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राशि डाली गई है। इस दौरान एक हजार 500 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। यह राशि किसान, महिला एवं श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डाली गई है।
उन्होंने ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ की पांचवीं किस्त के रूप में प्रदेश के 65 लाख से अधिक किसानों के खातों में 653 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी की, साथ ही 5 लाख किसानों को फसल खराबे पर 327 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया गया। श्री शर्मा ने समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 10 हजार से अधिक किसानों को 240 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई तथा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 4 लाख पशुपालकों को 50 करोड़ की राशि भेजी गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के 30 लाख से अधिक लाभार्थियों को 75 करोड़ रुपये से अधिक राशि अंतरित की गई तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के 20 हजार लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये की राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने एक लाख निर्माण श्रमिकों को 100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान 40 करोड़ रुपये के कृषि उपकरणों का वितरण भी किया गया।
दो वर्षों में 50 हज़ार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण
सीएम शर्मा ने कहा कि अन्नदाता को संबल देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। प्रदेश में हमारी डबल इंजन सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्राप्त 6 हजार की राशि में 3 हजार रुपये जोड़कर इसे 9 हजार रुपये किया है। गेहूं की खरीद पर पिछले दो वर्षों में 125 रुपये और 150 रुपये का बोनस दिया गया है।
साथ ही, पिछले दो वर्षों में 50 हज़ार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए पीएम कुसुम योजना के तहत 52 हजार सोलर पंपसैट लगाकर 822 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। आज प्रदेश में 22 जिलों के किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के लिए अनुदान में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी, गोपालक परिवारों को 653 करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त ऋण, मोबाइल वाहनों द्वारा पशुओं का उपचार जैसे कार्यों से पशुपालकों को लाभान्वित किया जा रहा है।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश किसानों को सम्मान निधि देने का काम किया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने संकल्प पत्र का वादा पूरा करते हुए किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी कर प्रदेश के किसानों को लाभान्वित किया। मुख्यमंत्री श्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को दिन में बिजली देने के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही है।

