Rajasthan Tax Chori : 160 वाहन पकड़े, 108 की जांच पूरी, 8.49 करोड़ की वसूली
Rudra News Express Jaipur.
राजस्थान में वाणिज्यिक कर विभाग ने अगस्त, सितम्बर एवं अक्टूबर माह में अब तक कर चोरी एवं दस्तावेजों में अनियमितता से संबंधित 160 परिवहन वाहनों को पकड़ा है। इनमें से 108 वाहनों की जांच पूर्ण कर 8 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि वसूल की गई है। शेष 52 वाहनों का भौतिक सत्यापन एवं जांच प्रक्रियाधीन है। जांच पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार शास्ति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
इतना ही नहीं विभाग सितम्बर माह के अंतिम सप्ताह से 13 अक्टूबर तक विशेष निगरानी एवं जांच के दौरान 62 परिवहन वाहनों को निरुद्ध किया गया। इनमें से 41 वाहनों की जांच पूर्ण कर 2 करोड़ 87 लाख रुपये की शास्ति वसूल की जा चुकी है, जबकि शेष 21 वाहनों का भौतिक सत्यापन एवं जांच जारी है।
बीकानेर सहित कई जिलों में जांच, इन कंपनियों की गाड़ियां रोकी :
विभागीय कार्रवाई के तहत अजमेर, अलवर, भिवाड़ी, भीलवाड़ा, कोटा, भरतपुर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, श्रीगंगानगर एवं पाली सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में परिवहन वाहनों की सघन जांच की गई।
इस दौरान निरुद्ध किए गए वाहनों में बाबा देवपुरी रोडलाइन, विजेता रोड कैरियर, के.एस. लॉजिस्टिक, न्यू भारती ट्रैवल्स, पूजा रोड कैरियर, एस.एस. गिल संदू, मां वैष्णो ट्रांसपोर्ट, जड़िया ट्रांसपोर्ट कंपनी, उदयपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी, श्री बालाजी लॉजिस्टिक, ओम शिव ट्रांसपोर्ट कंपनी, राजधानी ट्रांसपोर्ट कंपनी एवं बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी सहित अन्य परिवहनकर्ताओं के वाहन शामिल हैं।
राजस्व रिसाव रोकने के लिए जारी रहेगा अभियान :
वाणिज्यिक कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कर अनुपालन सुनिश्चित करना, कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा राजस्व रिसाव को रोकना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए परिवहन वाहनों की जांच एवं निगरानी का विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

