Movie prime

Rajasthan Vidhansabha: अमृत महोत्सव में वरिष्ठ विधायक पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी का सम्मान होगा

 

Rudra News Express, Jaipur-Bikaner.

राजस्थान विधानसभा के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक समारोह में सात बार के विधायक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी को वरिष्ठ विधायी सदस्य के रूप में सम्मानित किया जाएगा। समापन समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा वरिष्ठ विधायकों का सम्मान करेंगे।

अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। यह आयोजन राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की लोकतांत्रिक एवं संसदीय यात्रा का ऐतिहासिक उत्सव होगा।

इस अवसर पर विधानसभा के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों का विशेष समागम आयोजित किया जाएगा। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों के स्वागत-सत्कार के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। आयोजन का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं तथा जनप्रतिनिधियों के योगदान का सम्मान करना है।

सात बार विधायक एवं पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी प्रदेश के उन चुनिंदा वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं, जिन्होंने कई दशकों तक विधानसभा में सक्रिय एवं प्रभावशाली भूमिका निभाई। अपने दीर्घ विधायी अनुभव के आधार पर उन्हें वरिष्ठ विधायी सदस्य के रूप में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वे समसामयिक विषयों पर अपने विचार भी व्यक्त करेंगे।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा देश की पहली विधानसभा है, जो अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव का भव्य आयोजन कर रही है। लोकतंत्र की इस गौरवशाली यात्रा को समर्पित यह आयोजन राज्य के संसदीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अध्याय सिद्ध होगा।

FROM AROUND THE WEB