Movie prime

Rajasthan Weather: बीकानेर में बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

 

RNE Bikaner.

पश्चिमी राजस्थान में झुलसाती गर्मी के बीच अब मौसम राहत के संकेत दे रहा है। बीकानेर में जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, वहीं मौसम विभाग ने अचानक बदलाव की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 17 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना है।

तेज हवाएं और बादलों से मिलेगी राहत : 

बीकानेर और आसपास के इलाकों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर : 

मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। इसके चलते गरज-चमक और हल्की वर्षा जैसी गतिविधियां देखने को मिलेंगी, हालांकि यह असर ज्यादा समय तक नहीं रहेगा।

फिर लौटेगी भीषण गर्मी :

विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत केवल कुछ समय के लिए है। इसके बाद तापमान फिर तेजी से बढ़ेगा और पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं।

Weather डिपार्टमेंट की एडवायजरी- सतर्क रहें :

अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में तापमान और बढ़ने के संकेत हैं। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है।

* मेघगर्जन के दौरान खुले में न रहें।

* पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।

* तेज हवाओं में सुरक्षित स्थान पर रहें।

अभी तप रहा राजस्थान, पारा 43°C के करीब:
 

फिलहाल राजस्थान में गर्मी ने विकराल रूप ले चुकी है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। पश्चिमी राजस्थान में हालात सबसे ज्यादा गंभीर रहे, जहां बाड़मेर में पारा 42.9°C तक पहुंच गया। वहीं झुंझुनूं में मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली।


राज्य के पश्चिमी जिलों में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। जैसलमेर (42.8°C), चूरू (42.4°C), बीकानेर (42.0°C) और जोधपुर (41.7°C) में भी तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही।

पूर्वी राजस्थान में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। कोटा और धौलपुर में तापमान 41.6°C, जबकि जयपुर, अलवर और भीलवाड़ा में 39 से 40°C के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में उष्ण लहर (हीटवेव) जैसे हालात बने हुए हैं। खास बात यह है कि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे रातें भी गर्म बनी हुई हैं।

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का असर और गहरा सकता है।

FROM AROUND THE WEB