Movie prime

Rajasthan: जयपुर मेट्रो फेज-2 का काम जल्द होगा शुरू, 918 करोड़ का 'एलओए' जारी

 

RNE Network.
 

राजधानी जयपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जयपुर मेट्रो फेज-2 की कवायद तेज हो गई है। जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने फेज-2 के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 स्टेशनों के डिजाइन व निर्माण कार्य के लिए 918.04 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के कार्यों के लिए स्वीकृति पत्र (एलओए) जारी कर दिया है। स्वीकृति पत्र के अनुसार फर्म को फेज-2 के पहले पैकेज के तहत प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक के 12 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण करना होगा। इस हिस्से में 10 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला शामिल हैं। इसके अलावा, डिपो की ओर जाने वाली स्पर लाइन का निर्माण भी इसी पैकेज का हिस्सा होगा।
 

मुख्यमंत्री ने मेट्रो के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कुल 41 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट के शेष 29 किलोमीटर हिस्से के लिए भी जल्द से जल्द निविदाएं (टेंडर) आमंत्रित की जाएं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस 13,037.66 करोड़ रुपये की वृहद परियोजना को मंजूरी दी थी। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठक कर परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए थे ताकि शहरवासियों को जल्द राहत मिल सके।

FROM AROUND THE WEB