राजस्थान के विनोद जाखड़ NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने
RNE Jaipur-New Delhi.
सचिन पायलट के करीबी माने जाने वाले युवा नेता विनोद जाखड़ को कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जाखड़ फिलहाल राजस्थान में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष थे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए। वे अब तक अध्यक्ष रहे वरूण चौधरी का स्थान लेंगे।
राहुल गांधी ने लिए थे इंटरव्यू
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन से पहले खुद राहुल गांधी ने दावेदारों के इंटरव्यू लिए थे। राजस्थान से निर्मल चौधरी सहित कई नाम चर्चा में थे, लेकिन अंततः विनोद जाखड़ पर मुहर लगी। जाखड़ पूर्व में राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और उनकी पहचान आक्रामक छात्र राजनीति के चेहरे के रूप में रही है।
RSS शस्त्र पूजन विवाद और गिरफ्तारी चर्चा में रही
पिछले साल 30 सितंबर को राजस्थान यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने जाखड़ को गिरफ्तार किया था। उन्हें 17 दिन जेल में रहना पड़ा और 17 अक्टूबर 2025 को हाईकोर्ट से जमानत मिली। उस कार्यक्रम के विरोध की अगुवाई जाखड़ ने ही की थी।
पायलट के दबदबे का संकेत
विनोद जाखड़ की नियुक्ति को कांग्रेस के अंदरूनी सियासी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सचिन पायलट खेमे के नेता को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलना शक्ति संतुलन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पायलट समर्थकों को भी संगठन में मजबूत संदेश गया है।
जाखड़ की गिनती युवा दलित नेताओं में होती है। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय जिम्मेदारी देना कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक को साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। यह कदम न केवल राजस्थान बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है।
अब प्रदेशाध्यक्ष कौन
जाखड़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राजस्थान NSUI के नए प्रदेशाध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है। इस पद के लिए कई दावेदार सामने हैं और आने वाले दिनों में संगठन में नई नियुक्ति की घोषणा हो सकती है।

