RAS Transfer: 187 RAS अधिकारियों का जंबो फेरबदल, 66 SDM बदले; फील्ड प्रशासन पर सरकार का फोकस
RNE Jaipur.
राजस्थान सरकार ने जनगणना और आगामी प्रशासनिक चुनौतियों से पहले देर रात बड़ा ब्यूरोक्रेटिक फेरबदल करते हुए 187 आरएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। करीब छह महीने बाद हुए इस व्यापक बदलाव को सरकार की “प्रशासनिक सर्जरी” माना जा रहा है, जिसमें सबसे ज्यादा फोकस फील्ड प्रशासन और राजस्व तंत्र को मजबूत करने पर दिखा।
लिस्ट देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :
सरकार द्वारा जारी सूची में 66 एसडीएम, कई अतिरिक्त जिला कलेक्टर, संयुक्त शासन सचिव और संभागीय स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, टोंक, धौलपुर समेत कई जिलों में प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव किए गए हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि लंबे समय से रिक्त चल रहे कई फील्ड पदों को भरा गया है। हाल ही में तहसीलदार सेवा से पदोन्नत अधिकारियों को पहली बार एसडीएम के रूप में नियुक्त कर सरकार ने निचले स्तर के प्रशासनिक ढांचे को भी सक्रिय करने का संकेत दिया है।
सूची में वरिष्ठ आरएएस अधिकारी जसवंत सिंह को संयुक्त शासन सचिव, पंचायती राज विभाग लगाया गया है, जबकि अरविंद सारस्वत को अतिरिक्त संभागीय आयुक्त, बीकानेर की जिम्मेदारी दी गई है। कई जिलों में एडीएम और उपखंड अधिकारियों की अदला-बदली से स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर भी असर पड़ने की संभावना है।
राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को आगामी जनगणना, राजस्व कार्यों, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार ने मैदानी प्रशासन को अधिक जवाबदेह और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से अनुभवी तथा नए अधिकारियों का मिश्रण तैयार किया है। देर रात जारी सूची ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी और कई जिलों में नई नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
बीकानेर पर कितना असर पड़ा?
RAS तबादला सूची में बीकानेर प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव:
13 मई 2026 की RAS तबादला सूची में बीकानेर संभाग और जिले के प्रशासनिक ढांचे पर सीधा असर देखने को मिला। सबसे बड़ा बदलाव अतिरिक्त संभागीय आयुक्त स्तर पर हुआ है।
बीकानेर में कौन आया, कौन गया



