Jaipur में दुबारा वोटिंग: नाम डिलीट करने के बाद भी 110 लोगों के वोट डालने से मतदान निरस्त
Rudra News Express Jaipur- Bikaner.
राजस्थान नगरपालिका आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 62 के एक मतदान केंद्र पर शुक्रवार को हुए मतदान को निरस्त कर दिया गया है। अब यहां रविवार, 13 सितंबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। मामला मतदाता सूची में दर्ज 110 नामों से जुड़ा है, जिन्हें विलोपन सूची में शामिल किया गया था, लेकिन इसके बावजूद इन लोगों ने मतदान कर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने बताया कि वार्ड 62 की भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर पर 13 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक Fresh Poll कराया जाएगा।
विलोपन सूची में थे 110 नाम, फिर भी डाल दिए वोट :
दरअसल, इस बूथ की मतदाता सूची में 110 लोगों के नाम विलोपन सूची में दर्ज थे, यानी इन नामों को मतदाता सूची से हटाया जाना था। इसके बावजूद इन सभी 110 लोगों ने 11 सितंबर को हुए मतदान में वोट डाल दिया।
मामला सामने आने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने माना कि इससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और चुनाव की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता पर असर पड़ा। आयोग ने राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के तहत पहले हुए मतदान को शून्य घोषित कर दिया और पुनर्मतदान के निर्देश दिए।
पहले वोट डाल चुके मतदाता भी कर सकेंगे मतदान :
अब 13 सितंबर को होने वाले पुनर्मतदान में इस मतदान केंद्र के अधिकृत मतदाता ही वोट डाल सकेंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि शुक्रवार को मतदान कर चुके वे मतदाता भी, यदि वे इस केंद्र के अधिकृत मतदाता हैं, पुनर्मतदान में शामिल होंगे।
पहले मतदान के दौरान लगी अमिट स्याही के निशान को इस बार नजरअंदाज किया जाएगा। पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर नई अमिट स्याही लगाई जाएगी।
इसके अलावा पहले इस्तेमाल किए गए मतपत्रों के स्थान पर नए मतपत्र इस्तेमाल किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और क्षेत्र के मतदाताओं को इसकी सूचना व्यापक रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

