Saras Ghee Rate : राजस्थान में घी के रेट बढ़े, सरस घी के नए रेट हुए लागू
राजस्थान में घी के रेटों में बढ़ोतरी हुई है। अब घी के प्रत्येक पैकेट पर 20 रुपये की वृद्धि की गई है। राजस्थान को ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन ने सरस घी के दामों में कंज्यूमर पैक में 20 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। साथ ही, बल्क पैक में 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें बुधवार सुबह से लागू हो जाएंगी।
डेयरी फेडरेशन के प्रबंधक जनसंपर्क विनोद गेरा ने बताया कि घी के दामों में यह बढ़ोतरी बाजार में आई तेजी और घी के अन्य प्रतिस्पर्धी ब्रांड्स के दामों को देखते हुए की गई है। उन्होंने बताया कि सरस साधारण घी का एक लीटर मोनोकार्टन पैक 551 रुपए के स्थान पर अब 571 रुपए में मिलेगा।
आधा लीटर मोनोकार्टन पैक 277 रुपए के स्थान पर 287 रुपए में मिलेगा। गाय के घी का एक लीटर मोनोकार्टन पैक 570 रुपए के स्थान पर अब 590 रुपए में मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरस साधारण घी का 15 किलो टिन पैक 9345 रुपए के स्थान पर अब 9495 रुपए में मिलेगा।
सरस गाय के घी का 15 किलो टिन पैक 9630 रुपए के स्थान पर अब 9780 रुपए में मिलेगा। सरस साधारण और गाय के 5 लीटर टिन पैक्स में भी 20 रुपए प्रति लीटर की दर से बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि सभी पैक्स पर नई दरे बुधवार सुबह से लागू हो गई है।

