RudraNewsExpress_Logo

ShriGanganagar Railway Track Blast : 21 की महकदीप, 23 के देवेन्द्र को पाक हैंडलर लवली, शाह, चाचा ने कैसे बनाया मोहरा? 
 

पहली बार विस्फोटक नहीं मिला, दूसरी बार IED नहीं फटी, तीसरी कोशिश में उड़ा दिया ट्रैक
 
 
विस्फोटक पर लिखा था ‘पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री’

Rudra News Express ShriGanganagar. 

श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की जांच में सामने आई कहानी के तार पाकिस्तान तक जुड़ते बताए जा रहे हैं। 

ATS के ADG दिनेश एमएन के अनुसार, पाकिस्तानी हैंडलरों ने सोशल मीडिया संपर्क और निजी रिश्तों के जरिए 21 वर्षीय महकदीप कौर और 23 वर्षीय देवेन्द्र सिंह को इस साजिश में शामिल किया। 

रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश एक बार नहीं, बल्कि तीन बार की गई। पहली बार विस्फोटक नहीं मिला, दूसरी बार लगाया गया बम नहीं फटा और तीसरी बार 3 नवंबर को विस्फोट कर दिया गया।

कौन है महकदीप, क्या है कहानी : 
महकदीप की शादी करीब दो साल पहले करण से हुई थी। शादी के छह महीने बाद दोनों के बीच मनमुटाव हो गया। फरवरी 2025 में उसका पति NDPS मामले में जेल चला गया। बताया जाता है कि जेल जाने के बाद करण ने दोबारा महकदीप से संपर्क किया और उसे पाकिस्तान के लवली से बात करने को कहा। लवली ने कथित तौर पर पैसे भेजे, जिन्हें जेल तक पहुंचाया जाना था।

लवली ने शाह से बात करवाई, होने लगी "मीठी बातें" : 
इसके बाद महकदीप की पाकिस्तान में लवली से बातचीत होने लगी। एक दिन लवली ने उसकी बात अपने पाकिस्तानी दोस्त ‘शाह’ से करवाई। पुलिस के मुताबिक, शाह और महकदीप के बीच नियमित बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे निजी और कथित तौर पर रोमांटिक संबंधों में बदल गई। करीब एक साल तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही।

कहानी में "चाचा" की एंट्री और विस्फोट की स्क्रिप्ट : 
अक्टूबर में शाह ने महकदीप की बात पाकिस्तान में मौजूद एक अन्य हैंडलर ‘चाचा’ से करवाई। आरोप है कि चाचा ने उसे एक काम सौंपा—IED को बताई गई लोकेशन तक ले जाकर रखना।

तीन बार की कोशिश में तीसरी बार हुआ विस्फोट : 

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को महकदीप और रवींद्र पहली बार बताए गए इलाके में पहुंचे। दोनों होटल में रुके, लेकिन पहली कोशिश में उन्हें IED की सप्लाई नहीं मिल पाई। इसके बाद दूसरी बार वे फिर पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया, लेकिन तकनीकी कारणों से वह फट नहीं सका।

तीसरी बार 3 नवंबर की शाम दोनों मौके पर पहुंचे। पाकिस्तान से वीडियो कॉल के जरिए मिले निर्देशों के अनुसार IED को जोड़ा गया और उसमें टाइमर सेट किया गया। इसके बाद हुए विस्फोट से रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा। विस्फोटक पर ‘पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री’ लिखा होने की बात भी सामने आई है।

पांच लाख कॉल रिकॉर्ड खंगाले, 400 से अधिक लोगों से पूछताछ : 

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपियों को लाने वाले टैक्सी ड्राइवर सहित करीब 400 लोगों से पूछताछ की गई। लगभग पांच लाख कॉल रिकॉर्ड खंगाले गए। इसके बाद पुलिस टीम पंजाब पहुंची और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

(पुलिस अधिकारियों ने जैसा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया)

FROM AROUND THE WEB