किशाऊ बांध परियोजना पर छह राज्यों में सहमति, राजस्थान को मिलेगा अतिरिक्त पानी
RNE Network.
वर्षों से लंबित किशाऊ बहु उद्देश्यीय बांध परियोजना पर राजस्थान सहित छह राज्यों के बीच सहमति बन गई है। इनमें हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड और हरियाणा शामिल है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह सहमति बनी। इसके तहत हिमाचल प्रदेश के हिस्से का पानी अब राजस्थान और दिल्ली को दिया जाएगा। इसके बदले में ये दोनों राज्य हिमाचल प्रदेश की बिजली की लागत को साझा करेंगे।
इस परियोजना से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को भी उनके तय कोटे के अनुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे यमुना नदी में शुद्ध जल का प्रवाह बढ़ेगा। परियोजना की 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार देगी, जबकि शेष 10 प्रतिशत खर्च सभी छह राज्य मिलकर वहन करेंगे। इस संबंध में जल्द ही सभी राज्यों के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए जायेंगे। इसके बाद परियोजना को अनुमोदन के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस फैसले को राजस्थान के लिए ऐतिहासिक बताया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश को अतिरिक्त पानी मिलेगा, जिससे भविष्य में कृषि और पेयजल की जरूरतें पूरी होंगी।

