Movie prime

Success Story : राजस्थान के किसान ने कर दिया कमाल, एक ही पेड़ पर उगाए 21 तरह के बेर

नई तकनीकी के बाद राजस्थान का किसान सालाना कमा रहा लाखों रुपये 
 

राजस्थान के किसान ने बेर की खेत में नया तरीका अपनाकर चर्चा में बने हुए है। यह केवल चर्चा में ही नहीं, बल्कि सालाना लाखों रुपये की कमाई भी कर रहा है। हम राजस्थान के बिलाड़ा क्षेत्र के किसान कैप्टन बाबू खां की बात कर रहे है। उन्होंने दांतीवाड़ा स्थित अपने मदीना जैविक कृषि फार्म पर एक ही देशी बेर के पेड़ पर 21 उन्नत किस्मों के बेर तैयार कर एक अनूठा उदाहरण पेश किया है।

इस प्रयोग का परिणाम देखने के लिए उन्हें करीब सात साल तक इंतजार करना पड़ा। कैप्टन बाबू खां ने बताया कि उन्होंने यह सभी किस्में बडिंग (कलम) विधि से तैयार की हैं। इसके लिए उन्होंने कृषि अनुसंधान केंद्र काजरी से विभिन्न किस्मों के बेर की बर्ड (कलियां) लाकर अपने खेत में लगे देशी बेर के पेड़ पर बडिंग की।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में उन्होंने अपने खेत में बेर के पेड़ लगाए थे। इसके बाद 2006 में उन्हें उद्यान विभाग जोधपुर में बडिंग और ग्राफ्टिंग का प्रशिक्षण लेने का अवसर मिला। प्रशिक्षण के बाद उनके मन में कृषि में नवाचार करने का विचार आया और उन्होंने एक ही पेड़ पर अलग-अलग किस्मों के बेर उगाने का प्रयोग शुरू किया।

देशी बेर के पेड़ पर बडिंग से तैयार की 21 किस्में

बाबू खां ने बताया कि उनके खेत में एक देशी बेर का पेड़ था। इसी पर उन्होंने 2007 में बडिंग का प्रयोग शुरू किया और हर साल नई-नई किस्मों की कलमें जोड़ते गए। वर्ष 2013 तक उन्होंने इस एक ही पेड़ पर 21 प्रकार के बेर की किस्में विकसित कर लीं। उन्होंने बताया कि काजरी से उन्हें बेर की विभिन्न किस्मों की बर्ड निशुल्क मिली, जिन्हें लाकर उन्होंने पेड़ पर बडिंग की।

इस तकनीक में खर्च लगभग नहीं के बराबर होता है, केवल मेहनत और धैर्य की आवश्यकता होती है। अब इस पेड़ पर 21 प्रकार के उन्नत किस्मों के बेर लग रहे हैं। बाबू खां ने अपने खेत में गोला किस्म के करीब 250 बेर के पेड़ भी लगाए हुए हैं, जिनसे उन्हें सालाना लगभग चार लाख रुपए की आय हो रही है।

एक ही पेड़ पर लगती हैं ये 21 किस्में: कैप्टन बाबू खां के अनुसार एक ही पेड़ पर मुंडिया, इलायची, सेन्यूर, भाली, अलीगंज, सेव, जोगिया, केथली, काजरी गोला, रश्मी, टीकड़ी बड़ी, टीकड़ी छोटी, उमरान, महरावाली, छुआरा, दनदन, देशी, देशी छोटा, थाई एपल और कश्मीर रेड एपल सहित कुल 21 किस्मों के बेर लगते हैं।
 

FROM AROUND THE WEB