rail travel : राजस्थान की हरी भरी वादियों में दौड़ी तिरंगा रेल यात्रा, यात्रियों ने उठाया लुफ्त
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को यहां तिरंगा रेल यात्रा निकाली गई
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को यहां तिरंगा रेल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के वीडियो सोशल मीडिया पर छा गए। मंगलवार देर रात्रि ट्रेन को तिरंगे सहित रंग बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। तिरंगे से सजी हुई मीटर गेज ट्रेन को बुधवार को मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत माता की जयकारे के साथ निकली तिरंगा ट्रेन का नजारा काफी मनमोहक था।
हरी भरी वादियों में सर्पिलाकर ट्रैक पर दौड़ती तिरंगे से सजी ट्रेन देश भक्ति का संदेश देती नजर आई। राणावास रेलवे स्टेशन पर पूर्व प्रधान सुमेरसिंह कुंपावत व फुलाद रेलवे स्टेशन पर पंचायत समिति सदस्य राजेंद्रसिंह फुलाद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तिरंगा रेल का स्वागत किया। फुलाद के बाद घाट सेक्शन में लहराते तिरंगे के साथ ट्रेन का नजारा काफी मनमोहक था। ट्रेन के गोरमघाट, काछबली का पुल, जोगमंडी झरने के पास स्थित पुल पर सुनहरे नजारे देखने को मिले।
इस मौके जिला कलक्टर मंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में नवाचार के रूप में तिरंगा रेल यात्रा निकाली है। विधायक चौधरी ने कहा कि हर व्यक्ति के मन में राष्ट्र भक्ति को जागृत करने के लिए यह तिरंगा रेल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पाली जिला कलक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री के मार्गदर्शन एवं उपखंड अधिकारी महावीरसिंह जोधा की अगुवाई में निकाली गई।
पैदल पहुंचे अधिकारी व जनप्रतिनिधि
गोरमघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सभी अधिकारी व जनप्रतिनिधि गोरमघाट रेलवे स्टेशन से जोगमंडी झरने तक पैदल पहुंचे। वहां जिला कलक्टर मंत्री ने झरने का नजारा देखा। वन विभाग के रेंजर विजेंद्रसिंह डाबी से चर्चा करके जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने सफारी की सवारी करते हुए जोगमंडी झरने से फुलाद तक का सफर तय किया। इसके बाद वहां से सड़क होते हुए पाली के लिए रवाना हुए।