Movie prime

राजस्थान में दो रंग का मौसम: पूर्वी-उत्तरी राजस्थान में मेहरबान हुआ मौसम, पश्चिमी जिलों में जारी भीषण गर्मी

 

RNE Network.
 

प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी जिलों में शुक्रवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर सहित आठ शहरों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। राजधानी जयपुर, बीकानेर, चूरू, धौलपुर, अलवर और झुंझुनूं में वर्षा होने से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।
 

झुंझुनूं जिले में तेज अंधड़ के साथ धूलभरी हवाएं चलीं, जबकि सवाई माधोपुर में धूलभरी आंधी और झमाझम बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई। धौलपुर, भरतपुर और दौसा सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी मौसम परिवर्तन से गर्मी का असर कम हुआ। अजमेर में दिनभर की तेज धूप के बाद देर शाम आंधी और बिजली की गतिविधियों के साथ बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। बेमौसम बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली के पोल उखड़ने की घटनाएं भी सामने आईं।
 

हाड़ौती क्षेत्र, नागौर और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। नागौर जिले में कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज और कल जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में मेघगर्जन, आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

 

वहीं दूसरी ओर पश्चिमी और सीमावर्ती जिलों में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है। जैसलमेर में दिन के समय बाजार और सार्वजनिक स्थान लगभग सूने नजर आए। क्षेत्र में चारे और पानी की कमी के कारण पशुधन भी गर्मी की मार झेल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम के बदले हुए मिजाज के बने रहने की संभावना जताई है।

FROM AROUND THE WEB