Bikaner में अनूठा काम! श्मशान में दुकानें बनेगी, किराया महिलाओं को मिलेगा
RNE Bikaner.
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र और भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल ने सामाजिक संपत्ति को लेकर एक अनूठे नवाचार की जानकारी दी है। मेघवाल ने बताया कि किसमीदेसर के मेघवाल समाज की श्मशान भूमि नोखा रोड पर है। उस पर कब्जे हो रहे हैं। इसको बचाने और विकसित करने के लिए केन्द्रीय मंत्री मेघवाल के प्रयास से लगभग 27 दुकानें बनाई गई हैं। अब इन दुकानों को किराये पर दिया जाएगा। इसस जो आमदनी होगी उसका 80 प्रतिशत पैसा सीधे समाज की महिलाओं के खाते में भेजा जाएगा।
रविशेखर मेघवाल ने मंगलवार को बीकानेर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने बताया कि किसमीदेसर के मेघवाल समाज की भूमि है इसलिए इसी क्षेत्र के समाज से जुड़े परिवारों की महिलाओं में यह राशि वितरित होगी। इसके साथ ही किराये से मिलने वाला 10 प्रतिशत पैसा जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई पर खर्च होगा और बाकी 10 प्रतिशत राशि मेंटेनेंस करने वाले केयरटेकर को दी जाएगी।
दरअसल रविशेखर मेघवाल उनके पारिवारिक ट्रस्ट भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्रूट की ओर से हो रहे 20वें सामूहिक विवाह समारोह और प्रतिभा सम्मान समारोह के बारे में बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सामाजिक जुड़ाव की चर्चा करते हुए यह बात बताई।

