RudraNewsExpress_Logo

अमेरिका में धंधा डूबा तो जयपुर लौटा, संपत्ति के लिए भाई को मार डाला!
 

 

Rudra News Express Jaipur.

राजधानी जयपुर के बनीपार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पैतृक संपत्ति के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर पहले लकड़ी से हमला किया और फिर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय श्याम बगानी मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। वह घर के बाहर पहुंचे ही थे कि उनके छोटे भाई 58 वर्षीय मुरली बगानी ने उन पर हमला कर दिया। पहले लकड़ी से वार किया और इसके बाद चाकू से हमला कर दिया।

हमले में श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद :

बनीपार्क थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। पुलिस फिलहाल इसे हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

कारोबार में घाटे के बाद 11 महीने पहले लौटा था जयपुर :

पुलिस के मुताबिक आरोपी मुरली बगानी पहले अमेरिका के बेलीज सिटी में रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में ही हैं। करीब 11 महीने पहले कारोबार में घाटा होने के बाद वह जयपुर लौट आया था और यहां अपना कारोबार कर रहा था।

आरोपी हिरासत में, साक्ष्य जुटा रही पुलिस :

घटना की सूचना मिलते ही बनीपार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुरली बगानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की परिस्थितियों, संपत्ति विवाद और हमले के पीछे की पूरी वजह को लेकर जांच जारी है।

FROM AROUND THE WEB