महिलाओं की प्रगति ही समाज की उन्नति का पैमाना, संविधान ने दिए नए अवसर : वी. श्रीनिवास
RNE Bikaner
जयपुर,। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ कर्तव्यों का पालन करना भी आवश्यक है। वे गुरूवार को शांति एवं अहिंसा विभाग, राजस्थान सरकार तथा कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संविधान जागरूकता कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। संविधान अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं एवं उपस्थित अतिथियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
मुख्य सचिव ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रगति समाज की उन्नति का पैमाना है। संविधान प्रदत्त अधिकारों ने महिलाओं के लिए शिक्षा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएँ भविष्य की प्रशासक, विधिवेत्ता, वैज्ञानिक और उद्यमी बनकर प्रगतिशील भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
श्री श्रीनिवास ने कहा कि मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और राज्य के नीति निर्देशक तत्व न्यायपूर्ण समाज एवं उत्तरदायी प्रशासन का आधार हैं। नैतिकता, जवाबदेही, सामाजिक सद्भाव और बंधुत्व को व्यवहार में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को संविधान एवं उसकी प्रस्तावना का नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी राज्य का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है।
मुख्य सचिव ने ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ की भावना को नागरिकों के डिजिटल एम्पावरमेंट और संस्थाओं के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में तकनीक आर्थिक एवं मानवीय विकास की महत्वपूर्ण प्रेरक शक्ति है। उन्होंने छात्राओं को नई तकनीक अपनाने, रचनात्मक प्रश्न पूछने, निर्भीक होकर नवाचार करने तथा संवेदनशीलता एवं सत्यनिष्ठा के साथ नेतृत्व करने का संदेश दिया।
शांति एवं अहिंसा विभाग की शासन सचिव डॉ. आरुषि मलिक ने छात्राओं से अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ते हुए समाज, प्रदेश और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने डॉ. अम्बेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और शिक्षा के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम में शांति एवं अहिंसा विभाग के निदेशक श्री अजय असवाल द्वारा संचालित संविधान विषयक प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य सचिव ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया तथा संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के लिए विभाग एवं महाविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर की कुलगुरु प्रो. निष्ठा जसवाल, महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल सहित संकाय सदस्य एवं छात्राएँ उपस्थित रहे।

