
कर्नाटक विधानसभा में वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रस्ताव पारित, भाजपा ने किया विधानसभा से बहिर्गमन, केंद्र से टकराव की स्थिति
RNE Network
कर्नाटक राज्य की विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के बहिर्गमन के बीच केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित वक्फ ( संशोधन ) विधेयक के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर दिया गया।प्रस्ताव को कानून मंत्री एच के पाटिल ने प्रस्तुत किया। पाटिल ने एक बयान में कहा कि सदन ने सर्वसम्मति से वक्फ ( संशोधन ) विधेयक 2024 को खारिज कर दिया है, क्योंकि यह राज्य के लोगों की सार्वभौमिक आकांक्षाओं के खिलाफ है और उन्होंने केंद्र से इस कानून को वापस लेने का आग्रह किया है।
इससे पहले पाटिल ने कहा, यह विधेयक देश के सभी वर्गों के लोगों की आकांक्षाओं और अवसरों को प्रतिबिंबित नहीं करता है। यह सदन सर्वसम्मति से वक्फ अधिनियम में संशोधन को अस्वीकार करता है। यह कर्नाटक के लोगों की सार्वभौमिक आकांक्षाओं व धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों के पूरी तरह खिलाफ है।