Skip to main content

RUDRA TALK : प्रदेश भाजपा की टीम जल्द ही बनेगी, प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ को हरी झंडी

  • गुजरात के शिविर में अध्यक्ष की केंद्रीय नेतृत्त्व से हुई बात
  • 80 से 90 फीसदी चेहरे बदल दिए जाएंगे
  • पार्टी में सक्रिय नये महिला चेहरों को भी मिलेगी तरजीह
अभिषेक आचार्य

RNE, POLITICAL ANALYSIS DESK.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को जल्द ही अपनी टीम मिल जाएगी। वर्तमान में उनको पुराने पदाधिकारियों से ही काम चलाना पड़ रहा है मगर अब नए पदाधिकारियों को निर्णय शीघ्र हो जायेगा। इसके संकेत कल पत्रकारों से बात करते हुए खुद मदन राठौड़ ने दिए थे।

पहले दिल्ली चुनाव फिर पहलगाम की आतंकी घटना, इस कारण से अभी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना तो संभव नहीं। भारत – पाक का तनाव शांत होगा तब तक बिहार विधानसभा चुनाव भी नजदीक आ जायेंगे। इस कारण अभी राष्ट्रीय संगठन के गठन में समय लग सकता है। इस कारण से प्रदेश कार्यकारिणी के गठन का रास्ता साफ कर दिया गया है।

प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कल कहा भी कि प्रदेश कार्यकारिणी का गठन राष्ट्रीय संगठन महामंत्री से चर्चा के बाद कर लिया जायेगा। माना जा रहा है कि गुजरात में हुए 3 दिन के प्रशिक्षण में संगठन महामंत्री से पदाधिकारियों पर चर्चा हो भी गई है। जल्दी ही कार्यकारिणी की सूची को हरी झंडी मिल जायेगी।

इस तरह के निर्णयों के आसार

भाजपा की प्रदेश की जो नई टीम बनेगी उसको लेकर बहुत सुगबुगाहट है। क्योंकि इस बार राठौड़ की कोशिश पूरा चेहरा बदलने की है। जिसके संकेत वे कई बार दे चुके हैं। इतना तो तय है कि बारबार पदाधिकारी बनने वाले नई कार्यकारिणी में दिखाई नहीं देंगे। जो किसी न किसी जरिये से हर बार प्रदेश टीम में आ जाते हैं, उनको इस बार अवसर नहीं दिया जायेगा। महिलाओं, युवाओं, विभिन्न वर्गों को संतुलन बनाकर टीम में जोड़ा जायेगा

ये हो सकता है फार्मूला

भाजपा की प्रदेश की नई टीम में 80 से 90 चेहरों को बदला जायेगा। इसके अलावा सक्रिय नये महिला चेहरों को भी पदाधिकारी बनाया जायेगा। एक महामंत्री का पद अनुसूचित जाति के नेता के लिए होगा। नये व युवा लोगों को आगे लाया जायेगा। सर्वाधिक बड़ा बदलाव महामंत्रियों व मंत्री पद पर होना निश्चित है।

मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष बाद में

युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित अन्य सभी मोर्चो के प्रदेशाध्यक्ष का निर्णय अभी देर से होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे और उसके बाद ही प्रदेशो में मोर्चा अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। ये बात को कल खुद प्रदेधाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कही।

प्रदेश कार्यकारिणी के बाद जिले

प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद जिलों की कार्यकारिणी का गठन होगा। मंडल कार्यकारिणी का गठन आरम्भ हो गया। ये प्रक्रिया पूरी होगी तब तक प्रदेश कार्यकारिणी बन जायेगी। उसके बाद जिलों की कार्यकारिणी गठित होगी। प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ कई बार संकेत दे चुके हैं कि जिलों में भी नये लोगों को अब अवसर दिया जायेगा। बारबार बनने वालों को अन्य काम दिए जाएंगे।