Skip to main content

Jodhpur : छह बार विधायक रही सूर्यकांता व्यास का निधन

  • राजस्थान की “जीजी” नहीं रही
  • Jodhpur : छह बार विधायक रही सूर्यकांता व्यास का निधन

RNE Network, Jodhpur.

समूचे राजस्थान में “जीजी” के नाम से विख्यात छह बार की भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके बेटे शिवकुमार व्यास ने बताया कि सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हे MGH हॉस्पिटल ले जाया गया था जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। वे 86 वर्ष की थी और पार्षद से राजनीतिक कैरियर शुरू किया था।

6 बार रहीं विधायक

पार्षद से अपना राजनीतिक करियर शुरू करने वालीं सूर्यकांता व्यास छह बार विधायक रहीं। उन्होंने 1990 में अपना पहला चुनाव जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से जीता। इसके बाद वे तीन बार शहर विधानसभा क्षेत्र से चुनकर विधानसभा पहुंची।

परिसीमन के बाद 2008 में उन्होंने जोधपुर के सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीतीं। इसके बाद में लगातार तीन बार इसी विधानसभा क्षेत्र से जीत कर सदन तक पहुंची। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर टिकट बदल दिया था। उनकी जगह भाजपा ने नए चेहरे देवेंद्र जोशी को मैदान में उतारा था।

लंबे समय से थीं बीमार

सूर्यकांता व्यास जोधपुर शहर में जीजी के नाम से जानी-जाती हैं। बता दें कि जीजी पिछले करीब 10 महीने से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों जूझ रहीं थी। पहले उनका एमडीएम हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें जोधपुर एम्स रेफर कर दिया था। वहां भी उन्हें कई बार भर्ती किया गया था। इस दौरान उन्हें एम्स के आईसीयू में भर्ती किया गया था। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेता उनका हालचाल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनके निधन की अफवाह भी फैली थी, जिसका उनके बेटे ने खंडन किया था।

उम्र की वजह से इस बार नहीं लड़ा चुनाव : 

इस बार के विधानसभा चुनाव में उम्र की अधिकता के कारण वे चुनाव नहीं लड़ी थी। वे लगातार अशोक गहलोत के गृह जिले में शहर की सीट भाजपा से जीतती रही। प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेताओं से उनके संपर्क थे। पूर्व सीएम गहलोत भी उनको सम्मान देते थे। जीजी से मिलने वे उनके घर भी जाते थे। जीजी आम आदमी की आवाज थी। जीजी के निधन पर विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा, संरक्षक विधायक ताराचंद सारस्वत, विप्र प्रज्ञा परिषद सदस्य मधु आचार्य ने शोक प्रकट किया है।