Skip to main content

जिला प्रशासन को एक बार फिर सभी नाले का सर्वे करना चाहिए, मरम्मत का काम हुआ या नहीं, देखना चाहिए

  • हे माननीयों ! मानसून आने वाला है !
  • कहीं ऐसा न हो कि भरोसे की भैंस ……
  • जिला प्रशासन, निगम व प्राधिकरण प्रशासन राउंड करे तो सही हो

रितेश जोशी
ritesh joshi

RNE Special.

इस बार मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नोतपा को जितना तपना चाहिए उतना नहीं तपा। आंधी, बारिश ने नोतपा को ठेंगा दिखा दिया। हो सकता है इस बार मानसून भी ऐसा ही कुछ करे। जल्दी आ जाये और अच्छा आ जाये।

यदि तब तक बरसात के पानी को झेलने के लिए शहर के नाले तैयार नहीं हुए तो जनता के सामने विकट स्थिति बन जायेगी। निगम व प्राधिकरण को पता है कि बरसात के समय कौन कौन से नाले भयावह रूप लेते है। उनसे कितने बड़े नुकसान की संभावना है। उनकी देखभाल का समय आ गया।

बैठकें, निर्देश पर्याप्त नहीं:

नगर निगम बैठक के बाद सर्वे कर नालों की रिपोर्ट बना चुका। कई नालों की सफाई व मरम्मत के आदेश भी टेंडर के जरिये हो गये।

ठीक इसी तरह जिला कलेक्टर ने भी अधिकारियों की बैठक बुला ली। अपनी तरफ से कड़ाई से निर्देश दे दिए। बाढ़ नियंत्रण कक्ष बना दिया। अपनी तरफ से प्रयास कर लिया।

मगर यह काम तो पहले भी हर साल होता रहा है। कक्ष भी बनता रहा है। नालों की सफाई के टेंडर भी निकलते रहे है। मरम्मत के भुगतान भी होते रहे है, मगर फिर भी मानसून की बरसात में स्थिति दयनीय होती रही है।

प्रशासन कुछ नया करे:

जिस तरह जिले के वर्तमान प्रशासन ने कई नवाचार किये है, वैसे मानसून को लेकर भी अविलंब प्रयास करने चाहिए। एक बस में सब निकलें और देखें कि जो निर्देश दिए उनकी पालना हुई या नहीं। ठेकेदारों ने काम किया या लीपापोती। सर्वे सही हुआ या नहीं। जहां भी कोताही हुई हो वहां जिम्मेदार को दंड दें। केवल निर्देशों की सख्ती से पालना करा दें। तो मानसून में पहली बार जनता को राहत मिल जायेगी।

केवल भरोसे पर रहे तो….

राजस्थानी की पॉपुलर कहावत है, भरोसे री भैंस पाडो लावे। मतलब केवल भरोसा पर्याप्त नहीं। उसकी मोनिटरिंग और वो भी सख्त होनी जरूरी है।

विपक्ष भी है तैयार:

शहर कांग्रेस के महामंत्री राहुल जादुसंगत इस मामले को लेकर बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि वे शहर के नालों की वर्तमान स्थिति का अपने कार्यकर्ताओं के साथ सर्वे कर रहे है। तथ्यों सहित शीघ्र ही रिपोट तैयार कर निगम आयुक्त व जिला कलेक्टर को देंगे। एक अवधि में सब दुरस्त करने की मांग रखेंगे। यदि तब तक जन हित में स्थिति को नहीं सुधारा गया तो पार्टी की तरफ से आंदोलन खड़ा करेंगे। हम जनता को लापरवाह सरकार के भरोसे नहीं छोड़ेंगे।

 राहुल जादुसंगत, महामंत्री, शहर कांग्रेस कमेटी