Skip to main content

बीकानेर: महिला के सिरकटे शव की गुत्थी उलझी, हत्या कहीं और, जोड़बीड़ के पास सिर-हाथ कटा नग्न शव फेंका!

आरएनई, बीकानेर।

उफ्फ! देखने वालों का कलेजा मुंह को आता है तो क्या वारदात को अंजाम देने वालों का हाथ एक बार भी कांपा नहीं होगा! इंसान कहना तो किसी भी कोण से ठीक नहीं हेागा यह तो हैवानियत की हद पार हो गई!

ये और ऐसी ही प्रतिक्रियाएं तब सामने आई जब शनिवार शाम को घड़सीसर रोड पर एक महिला का शव डंपिंग यार्ड में मिला। उम्र लगभग 35 वर्ष रही होगी। पूरी तरह नग्न अवस्था वाले इस शव का सिर और दोनों हाथ नहीं थे। साफ दिख रहा था इन्हें धारदार हथियार से काटकर अलग कर दिया है। आधा शव इस डंपिंग यार्ड में हैं तो शरीर के बाकी हिस्से कहां होंगे! इस सवाल ने पुलिस अधिकारियों को भी परेशान कर रखा है। यह लगभग तय माना जा रहा है कि हत्या कहीं और की गई। शव के एक हिस्से को इस इलाके में छिपाया गया है। सिर-हाथ कहीं और फेंके गए होंगे।

किसी इंसान में जरा-सी भी संवेदना बची हो तो क्या वह ऐसा कर सकता है। ये तो हैवानियत की भी हद पार है। संकेत साफ है कि मारने से पहले दुष्कर्म किया गया है या ऐसा करने का प्रयास हुआ है। विरोध भी हुआ होगा जो वहशी दरिंदे या दरिंदों को नाकाबिले बर्दाश्त था। उन्होंने महिला को दर्दनाक मौत के हवाले कर दिया। वहशीपन का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि मारने के बाद भी उन्हें पश्चाताप नहीं हुआ।

सिर को धड़ से अलग किया। दोनों हाथ काट डाले। बाकी बचा धड़ जोहड़बीड़ की रोही में फेंका। अब पुलिस सिर और हाथों की तलाश के साथ ही महिला की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी है। यह प्रयास उस अपराधी तक पहुंचने की कोशिश जिसने या जिन्होंने इसे अंजाम दिया है।

घटना यह है:
शनिवार शाम को बीकानेर में कोटड़ी-घड़सीसर मार्ग पर एक शव होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पुलिस पहुंची तो यह देखकर हैरान हो गई कि शव लगभग 35 वर्षीय एक महिला का है जो नग्न अवस्था में हैं और सिर-दोनों हाथ कटे हैं। पुलिस ने शव पीबीएम मोर्चरी में रखवाया है जिसके पोस्टमार्टम से कुछ तथ्य हासिल होने का अनुमान है।

इसके साथ ही शरीर के बाकी अंगों की तलाश और अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश हो रही है। प्राथमिक तौर पर लग रहा है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है। उसका शव यहां लाकर फेंका गया है। मौके पर खून जैसे निशान भी मिले हैं।