Skip to main content

मौसम : बादलों से अटा था आज आकाश, हवा भी मंद, उमस का असर कम

** मौसम ले सकता है आज करवट
** दिन में बादल छाये रहेंगे

RNE, Bikaner.

शुक्रवार की सुबह बीकानेर में आकाश पूरी तरह बादलों से अटा हुआ था। दो दिन से बीकानेर में अच्छे बादल छाते हैं मगर तेज हवा उनको ले उड़ती है। ये बादल ग्रामीण इलाकों में जाकर बरसते हैं। सुबह मौसम सुहावना था इसलिए मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों की संख्या भी काफी थी।

प्रदेश में मानसून सक्रिय

राज्य में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। भीलवाड़ा, टोंक, कोटा, जयपुर, सीकर, सवाई माधोपुर में कल तेज बारिश हुई। कल दौसा में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। यहां 24 घन्टे में 197 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। लालसोट में 6 इंच वर्षा हुई।

मानसून ट्रफ लाइन चल रही

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, जयपुर से होकर गुजर रही है। वहीं पूर्वी राजस्थान में एक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बना हुआ है।

बीकानेर में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में आगामी चार पांच दिनों तक वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। कल भी बीकानेर के ग्रामीण इलाकों में बारिश हुई। नोखा, देशनोक में अच्छी बरसात थी।

बीकानेर शहर में बादल रहेंगे

मौसम विभाग के अनुसार आज भी बीकानेर में बादल छाये रहेंगे। धूप भी निकलेगी। मौसम करवट भी ले सकता है। कल बीकानेर का अधिकतम तापमान 39.2 व न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज हुआ।