
Jammu-Kashmir लापता जवान के वायरल वीडियो में पहलगाम हमले को सरकार की साजिश बताया
- लापता जवान कि खिलाफ FIR हुई, वीडियो को PIB ने फेक बताया
RNE India.
जम्मू-कश्मीर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां सेना का एक जवान लापता है। इसके साथ ही लापता जवान का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इस वीडियो में पहलगाम हमले को सरकार की साजिश बताया गया है।
प्रेस इन्फोर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने अपनी फेक्ट चेक सिरीज में इस वीडियो को फेक बताया है। अलबत्ता सरकार ने यह जरूर माना है कि यह जवान मार्च महीने से लापता है। इसके खिलाफ अब FIR भी दर्ज की गई है।
पुलवामा का ही है जवान, मार्च से लापता :
वायरल वीडियो वाले लापता सैनिक की पहचान 29 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के दिलहैर मश्ताक के रूप में हुई है। वह दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के त्राल का निवासी है। PIB फेक्ट चेक में कहा गया है कि वीडियो में दिखाए गए सैनिक एक डेजर्टर हैं और मार्च 2025 से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहे हैं, न ही वे अपने परिवार के संपर्क में रहे हैं। बताया जाता है कि जवान मश्ताक को दिसंबर में गोली लगी थी।
तब से वे छुट्टी पर हैं। मार्च 2025 से अपने घरवालों के संपर्क में भी नहीं है। उनकी गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कारवाई गई थी जो अब वीडियो सामने आने के बाद FIR में बदल गई है। PIB फैक्ट चेक में कहा गया, कृपया सावधान रहें। ऐसे वीडियो के चक्कर में न पड़ें।
ऑनलाइन जुए का आदि, 10 लाख का कर्ज :
सैनिक दिलहैर मश्ताक 1:45 मिनट के वीडियो में सेना और केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। आरोप है कि पहलगाम में 26 लोगों की हत्या अंदरूनी साजिश थी। पुलिस ने गंदरबल पुलिस स्टेशन में इसके खिलाफ FIR दर्ज की है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लापता जवान ऑनलाइन जुए में शामिल था और उस पर 10 लाख से अधिक का कर्ज था।