Skip to main content

मौसम : कल की बारिश से सुबह गर्मी का असर कम, बादलों का डेरा

** ग्रामीण इलाकों में बरस रहे मेघ
** शहर में आज भी बादल रहेंगे

RNE, Bikaner

कल शाम हुई बारिश का असर शनिवार की सुबह भी दिख रहा था। आज सुबह उमस कम थी और मंद हवा भी चल रही थी। मौसम ठीक होने के कारण लोग मॉर्निंग वॉक को निकले हुए थे जिससे सड़कों पर चहल पहल थी। रात भी बारिश के कारण ठंडी रही। उमस से लोगों को निजात मिली। आज भी बीकानेर में बादलों का जमावड़ा रहेगा और मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश की संभावना जताई हुई है।

ग्रामीण क्षेत्र में बरसे मेघ

कल शहर में भी काले बादल छाये हुए थे मगर उम्मीद के अनुसार नहीं बरसे। हल्की बारिश ही हुई, मगर कई गांवों में अच्छी वर्षा हुई। नापासर, छत्तरगढ़ में बारिश ने किसानों के चेहरे खिला दिए।

राज्य में मानसून सक्रिय

राज्य में अभी तक मानसून मेहरबान है और कई क्षेत्रों में जमकर बरस रहा है। पूर्वी राजस्थान में अच्छी बारिश हो रही है। पश्चिमी राजस्थान में भी मानसून सक्रिय है। जिस कारण मौसम विभाग ने बारिश की संभावना बीकानेर संभाग में भी जताई हुई है।

बीकानेर में बादल रहेंगे

मौसम विभाग के अनुसार आज भी बीकानेर में बादलों का डेरा रहेगा, जो बरस भी सकते हैं। धूप भी निकलेगी। कल बीकानेर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री पर पहुंच गया। मगर न्यूनतम तापमान घटकर 28.9 डिग्री पर आ गया। इससे रात ठंडी रही।