
Weather Rajasthan : श्रीगंगानगर में सबसे कम 14.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा 38.7 डिग्री तापमान
RNE Bikaner.
राजस्थान में गर्मी की दस्तक के साथ ही जहां चित्तौड़गढ़ प्रदेश में सबसे गर्म स्थान हो गया है वहीं बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर में तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है। बीकानेर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में रविवार को भी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही इन संभागों में 30 से 40 किमी रफ्तार वाली हवाएं भी चलेगी। ऐसे में एक ही प्रदेश मंे मौसम के कई रंग देखने को मिल सकते हैं। बदले मौसम में तापमान में लगभग दो डिग्री की कमी भी आ सकती है।मौसम विभाग जयपुर की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक रविवार सुबह बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे गर्म जगह के रूप में चित्तौड़गढ़ की पहचान हुई है। यहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा पाली और गडरा रोड बाड़मेर में भी गर्मी के तेवर तीखे महसूस हुए।
बीकानेर संभाग में बीते 24 घंटों मंे जगह-जगह हलकी बारिश भी हुई। ऐसे में बीते 24 घंटों में संभाग के श्रीगंगानगर मंे न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह प्रदेशभर के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान है। अलबत्ता माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक 16 मार्च को भी बीकानेर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी रफ्तार वाली हवाएं भी चलेगी। ऐसे में मौसम खुशनुमा हो सकता है। अलबत्ता न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बीते 24 घंटों के तापमान के लिहाज से बात करें तो बीकानेर में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आस-पास के इलाकों की बात करें तो फलौदी में 35.2 डिग्री सेल्सियम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह चूरू में 30.7 और नागौर में 32.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।