Skip to main content

मौसम: बादलों के कारण सुबह उमस का था जोर, हवा का नामोनिशान नहीं

** मौसम आज ले सकता है करवट
** बादल छाये रहेंगे

RNE, Bikaner

सावन के दूसरे सोमवार की शुरुआत उमस से हुई। रात की उमस का असर सुबह भी था। हवा का नामोनिशान नहीं था। आकाश में बादलों के कारण हवा रुकी हुई थी और उमस भी उसी के कारण थी। गर्मी का अहसास सुबह से ही होना शुरू हो गया था। इसी कारण आज मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या बहुत कम थी। मौसम विभाग के अनुसार आज बीकानेर में मौसम करवट ले सकता है।

राज्य में मानसून सक्रिय

मानसून राज्य में पूरी तरह से सक्रिय है। पूर्वी राजस्थान में मानसून ज्यादा मेहरबान है। कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर परिसंचरण तंत्र में बदल गया है। मानसून की ट्रफ लाइन बीकानेर, कोटा से गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान में आगामी 5 से 7 दिन अधिकांश भागों में मानसून सक्रिय रहेगा और बारिश की गतिविधियां जारी रहेगी। आज कोटा व उदयपुर संभाग में कहीं भारी तो कहीं अति भारी बारिश की संभावना है।

बीकानेर, जोधपुर में भी संभावना

मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि बीकानेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में बारिश की संभावना है। बादल इन संभागों में छाये रहेंगे। कल बीकानेर व जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में जमकर बारिश हुई है।

बीकानेर में बादल रहेंगे

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज बीकानेर में बादल छाये रहेंगे। धूप भी निकलेगी। कल बीकानेर में अधिकतम तापमान कम होकर 39.1 डिग्री पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान गिरकर 25.8 डिग्री हो गया। ह्यूमिडिटी 76 प्रतिशत थी।