Bikaner Weather : कोहरे ने लोगों के पांव और गाड़ियों के ब्रेक लगाया, कड़ाके की ठंड में भी स्कूल जाने की मजबूरी, प्रशासन असंवेदनशील
RNE Bikaner.
बीकानेर में बुधवार की सुबह इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह थी। कड़ाके की हाड गलाने वाली ठंड थी, तो कोहरा भी बहुत ही घना था। ओस की बूंदों ने हाड कम्पकम्पा दिए।

सुबह 8.30 बजे तक भी दृष्टि सीमा 5 कदम से अधिक नहीं थी। इस कारण आज तो बमुश्किल कोई वाहन सड़कों पर रेंगता नजर आया। लोग मॉर्निंग वॉक के लिए तो निकले ही नहीं। इस सर्दी की यह पहली सुबह थी जिसने मॉर्निंग वॉक करने वालों के कदमों पर लगाम लगा दी थी।

सर्दी का यह सिलसिला कल शाम से ही आरम्भ हो गया था। ज्यूँ ज्यूँ रात आगे बढ़ी, सर्दी ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए। रात को सड़कों पर जल्दी सन्नाटा पसर गया। लोग घरों में दुबक गये। यह सर्दी सुबह होते होते तो पूरे यौवन पर आ गयी। लोग गर्म रजाई से बाहर निकल ही नहीं रहे थे।
कल सुबह भी तेज ठंड थी और घना कोहरा था। यह कोहरा दोपहर 1 बजे बाद हल्का सा छँटा, मगर ठंडी हवाओं ने सर्दी को कम नहीं किया। शाम होते होते तो ठंड खूब बढ़ गयी। रात का तापमान 8 डिग्री से भी कम था।

फिर भी स्कूलों में अवकाश नहीं:
आज सुबह बच्चे कंपकंपाते हुए स्कूल जाने के लिए खड़े थे। उनकी संख्या भी कम थी। अधिकतर अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल न भेजने में ही भलाई समझी। प्रशासन ने इतनी सर्दी के बाद भी अवकाश घोषित नहीं किये, जिसे कई अभिभावकों ने असंवेदनशीलता बताया। ठंड अभी कुछ दिन कम होने के आसार नहीं है। मौसम विभाग का मानना है कि धरती के ध्रुवों में आई दरार के कारण राजस्थान पर सीधा असर हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने पूरी जनवरी के लिए सर्दी का रेड अलर्ट जारी किया है।

