Bikaner Weather : आज भी छाया रहेगा कोहरा, सर्दी भी बढ़ेगी, जनजीवन प्रभावित
RNE Bikaner.
बीकानेर नये साल की शुरुआत से ही पूरी तरह सर्दी की जद में है। अब तक के 9 दिन में से केवल एक दिन सुबह की शुरुआत कोहरे से नहीं हुई, बाकी सभी दिन सुबह कोहरे की चादर से ढकी रही।

रात का पारा तो लगातार गिरता जा रहा है। कल रात पारा गिरकर 5 डिग्री तक जा पहुंचा। जिससे गलन बढ़ गयी। सड़कों पर 9 बजे से ही सन्नाटा पसर गया था। लोग घरों में दुबक गये थे शाम को मौसम थोड़ा साफ था मगर 7 बजते ही सर्दी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए।

शुक्रवार की सुबह भी घना कोहरा था। सुबह 7 बजे तक तो दृष्टि सीमा शून्य थी। सड़कों पर न तो लोग दिख रहे थे और न ही कोई वाहन। लोग घरों में अपनी रजाईयों में ही दुबके हुए थे।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दिनों में भी सर्दी का असर बना रहेगा। सुबह - शाम ठंड और कोहरा रहेगा। इससे बचने की सलाह लोगों को दी गयी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी बीकानेर में कोहरा छाया रहेगा। शुष्कता के कारण गलाने वाली ठंड रहेगी।

