Dense Fog Alert : हरियाणा समेत उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, घने कोहरे का अलर्ट
पहाड़ों पर जारी बर्फबारी का असर अब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। अगले कुछ दिनों तक हरियाणा समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में ठंड और घने कोहरे की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हरियाणा में मंगलवार सुबह गहरी धुंध छाई रही और हिसार में दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के ऊपर इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दूसरा 27 दिसंबर तक पहुंच सकता है। इन दोनों प्रणालियों के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। इसका सीधा असर मैदानी इलाकों में ठंडी और शीत हवाओं के रूप में दिखेगा। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
हरियाणा में यह है स्थिति
मौसम विभाग ने हरियाणा के 10 जिलों-अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में गहरी धुंध को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पंचकूला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी में यलो अलर्ट लागू रहेगा।
रातें और ठंडी होंगी
मौसम विज्ञानियों अनुसार उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ने से आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आएगी व रातें और अधिक ठंडी होंगी।

