Movie prime

Hailstorm in Bikaner: अर्जनसर में ओलो की चादर बिछी, फसलें तबाह
 

 
बीकानेर में नींबू के आकार के ओले, फसल बर्बाद

RNE Bikaner.

बीकानेर जिले में शुक्रवार दोपहर को अचानक मौसम ने जबरदस्त करवट ली। जगह जगह आंधी बारिश से मौसम ठंडा हुआ वहीं अर्जनसर और आस पास जमकर ओलो की बारिश हुई। कुछ देर तो नींबू के आकार के ओले गिरे। पूरे इलाके में बर्फ की चादर बिछ गई। फसलें बर्बाद हो गई।

वीडियो देखने के लिए नीचे फोटो पर क्लिक करें

दरअसल जिले के अर्जनसर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने भयावह रूप ले लिया। तेज आंधी, मेघगर्जन और मूसलाधार बारिश के साथ नींबू के आकार के बड़े-बड़े ओले गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और किसानों की पकी फसलें बर्बाद हो गईं।

प्रभावित किसानों ने बताया कि कुछ ही मिनटों की ओलावृष्टि ने गेहूं और इसबगोल की फसल को पूरी तरह चौपट कर दिया। चक जोड़, नया खानीसर (99 आरडी), फूलेजी और चक भवानी नगर सहित कई गांवों में खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गईं।

सबसे ज्यादा दहशत उस वक्त फैली जब कई जगहों पर ओलों का आकार नींबू से भी बड़ा देखा गया। बताया जा रहा है कि इन ओलों का वजन 150 ग्राम तक था, जिससे फसलों के साथ-साथ टीनशेड और कच्चे ढांचों को भी नुकसान पहुंचा।

अर्जनसर बाजार में अचानक आई इस आपदा से अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और दुकानदार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और सुरक्षित स्थानों में शरण ली।

चकजोहड़ के एक किसान ने बताया कि वे सरसों की कटाई कर रहे थे, तभी अचानक ओलावृष्टि शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें काम छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा।

इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर कटाई के मुहाने पर खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है और अब वे प्रशासन से सर्वे कर मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

FROM AROUND THE WEB