Haryana weather : हरियाणा में कोल्ड ब्लास्ट जैसी स्थिति बनी, अब जमेगा पाला
हरियाणा में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। आने वाले एक सप्ताह तक यह प्रकोप जारी रहेगा और ज्यादा ठंड होने की संभावना है। उत्तरी बर्फीली सर्द हवाओं के कारण पूरे क्षेत्र में कोल्ड ब्लास्ट जैसी स्थिति बनी हुई है। दिन और रात दोनों के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है।
शनिवार को हिसार का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। कोहरा, शीत दिवस और शीत लहर के कारण कई इलाकों में पाला जमने जैसी स्थिति रही। प्रदेश के कुछ जिलों में रात का तापमान 2 डिग्री के
आसपास पहुंच गया। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 1.6, गुरुग्राम में 1.8, सोनीपत में 2.9, कैथल में 3.3 और नारनौल में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। उत्तरी हवाओं के असर से गंभीर शीत लहर और कुछ स्थानों पर पाला जमने की संभावना है। हवाएं शांत रहीं तो सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। 20 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। 16 जनवरी को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से आंशिक बादल और तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है, जबकि 21 जनवरी के बाद सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव के आसार हैं।
किसानों के लिए विशेषज्ञों की सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को शाम के समय हल्की सिंचाई, फसलों को ढकने, खेतों में धुआं करने और पशुओं को ठंडी हवा से बचाने की सलाह दी है, ताकि ठंड से नुकसान कम किया जा सके।

