Movie prime

Heat Waves In Bikaner : 46°C पहुंचा पारा, तप रहा पश्चिमी राजस्थान

भीषण लू.. बीकानेर, जोधपुर 46°C 
 

RNE Bikaner.

पश्चिमी राजस्थान एक बार फिर भीषण लू की चपेट में है। बीकानेर, जोधपुर में पारा 46°C पर पहुंच गया। जैसलमेर में तापमान 45° C पहुंच गया। बाड़मेर, फलोदी, चूरू, जयपुर सहित कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। 
 

 

दरअसल राजस्थान में गर्मी ने मई के दूसरे सप्ताह में ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आगामी 4 से 5 दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में हीटवेव और ऊष्ण रात्रि की प्रबल संभावना बनी रहेगी। वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे कई स्थानों पर लू चलने की आशंका है। 

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है तथा अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। हालांकि अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 

मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार लंबे समय तक धूप में रहने या भारी काम करने वाले लोगों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। किसानों को भी फसलों और पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए नियमित सिंचाई और पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

 

FROM AROUND THE WEB