Monsoon Movement : हरियाणा में अगले तीन दिन तेज आंधी के साथ होगी बारिश, मानसूनी हलचल बढ़ी
हरियाणा में जून माह का पहला सप्ताह गर्मी से राहत देने वाला रहने वाला है। जून माह के प्रथम सप्ताह तेज अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है। जींद समेत हरियाणा के अधिकतर जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई है। यह सिलसिला अगले तीन दिन तक चलने वाला है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बुधवार रात से ही एक नई मौसम प्रणाली एक्टिव हो चुकी है। जिसके असर से 4 से 6 जून के दौरान धूलभरी आंधी, अंधड़ और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 4 से 6 जून के बीच मानसूनी हलचल और बारिश की गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी होगी। इस दौरान जिले में तापमान में कमी बनी रहेगी।
पूर्वानुमान: बारिश से तापमान में कमी बनी रहेगी
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन के अनुसार भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा के पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य भागों (जिसमें हिसार व जींद भी शामिल है) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान इन इलाकों में तेज गति से हवाएं (अंधड़) चलने, धूलभरी आंधी आने और कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम में आ रहे इस बदलाव से आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
दिन का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
प्रदेश में भले ही बुधवार को अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के पारे में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई हो, लेकिन राहत की बात यह है कि संपूर्ण इलाके में तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।
अधिकतम तापमान : शहर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
न्यूनतम तापमान : रात का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के मुकाबले 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। तापमान कम होने के बावजूद बादलों के कारण उमस ने लोगों को जरूर थोड़ा परेशान किया।

