Monsoon Update: जानिए आपके राज्य में कब होगी झमाझम, कहां सबसे ज्यादा खतरा
Rudra News Express New Delhi.
अगर आप अगले कुछ दिनों में यात्रा, खेती या किसी जरूरी काम की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 7 दिनों का ताजा मौसम बुलेटिन जारी करते हुए देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट :
IMD के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। खासकर 4 और 5 अगस्त को कई इलाकों में स्थिति गंभीर रह सकती है।
राजस्थान समेत उत्तर भारत में कब बरसेंगे बादल?
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। राजस्थान में 7 से 9 अगस्त पश्चिमी राजस्थान और 6 से 9 अगस्त पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत भी भीगेंगे :
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।
IMD की चेतावनी :
भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन, सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

