देशभर में मानसून का कहर: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कहीं बाढ़ तो कहीं लू
RNE Network.
देश के अधिकांश राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिससे कहीं झुलसती गर्मी से राहत मिली है, तो कहीं बाढ़ और जलभराव ने भारी आफत मचा दी है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों के भीतर देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, सिक्किम, बिहार और पश्चिम बंगाल के हिमालय की तराई वाले क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की आशंका जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसके साथ ही आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
वहीं, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, अगले दो-तीन दिनों में बारिश प्रभावित इलाकों के साथ-साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान आने की भी पूरी संभावना है। वहीं दूसरी तरफ, तटीय आंध्र प्रदेश में लोगों को भीषण लू की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।

