नागौर: पूरा शहर पानी में डूबा, सभी तालाबों पर चादर चली, दुकानों के बेसमेंट में छह फीट पानी
RNE Network.
मानसून के दूसरे दौर में राजस्थान में बारिश का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। कोटा, बूंदी, जयपुर, सवाई माधोपुर के बाद अब राजस्थान के नागौर से बारिश के प्रकोप की तस्वीरें सामने आ रही हैं। पश्चिमी राजस्थान के इस शहर की अधिकांश सड़कें पानी में डूब चुकी है। कई बस्यिों में तीन से पांच फीट तक पानी भर गया है। शहर के गिन्नाणी और आस-पास के रतनसागर सहित सभी तालाब लगालब हो गये और पानी उनमें से बहकर शहर की निचली बस्तियों की ओर जा रहा है।
इस बीच एक वीडियो सामने आया है। इसमें गिन्नाणी तालाब के पास बना एक ट्रांसफार्मर बारिश के कारण धंसता हुआ तार और बिजली सिस्टम सहित गिन्नाणी तालाब में जा गिरा। इसी तरह गलियों में भरे कमर तक पानी में से लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास हो रहे हैं।

हालांकि एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची है लेकिन प्रकोप इतना ज्यादा है कि लोगों को भी रेस्क्यू करने मैदान में उतरना पड़ रहा है। कई गलियों में कमर तक पानी भरा है घर डूब गये हैं। ऐसे में बुजुर्गों बच्चों को कंधों पर बिठाकर पानी में से सुरक्षित स्थानों की ओर लग जाना पड़ रहा है।

