Movie prime

Rajasthan Weather : सीकर में 3 इंच बारिश, बीकानेर में आंधी-तूफान, श्रीगंगानगर में ओले, जैसलमेर सबसे गर्म 

 

RNE Jaipur-Bikaner. 

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। शेखावाटी क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां सीकर जिले में करीब 76 मिमी (3 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई। वहीं बीकानेर में देर रात चली तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी कई जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। श्रीगंगानगर में जहां जमकर ओले गिरे वही जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा। 

d

बीकानेर में शुक्रवार रात अचानक मौसम बदल गया। तेज धूलभरी आंधी के बाद बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शहर में 4.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, लेकिन तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में अव्यवस्था का माहौल रहा। संभाग के श्रीगंगानगर और चूरू क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। चुरू में 23.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। 

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव का असर भी बना रहा। सीकर, रामगढ़, डीग और भरतपुर क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में सरदारशहर, चूरू और बीकानेर में वर्षा रिकॉर्ड हुई। 

d

जयपुर में फ्लाइट हवा में चक्कर लगाती रही : 

राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार रात खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण चंडीगढ़-जयपुर इंडिगो फ्लाइट को करीब एक घंटे तक हवा में चक्कर लगाने पड़े। वहीं कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।

jhikk

जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर : 

बारिश और आंधी के बीच पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में गर्मी का असर भी कायम है। जैसलमेर 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, हालांकि तापमान में पिछले दिन की तुलना में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 

16 जून तक जारी रह सकती हैं गतिविधियां : 

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बीकानेर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में 16 जून तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है।

FROM AROUND THE WEB