Rajasthan Weather : आज कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत
Jun 4, 2026, 17:16 IST
RNE Jaipur.
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के अनेक क्षेत्रों में मौसम गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
जयपुर मौसम केंद्र की ओर से जारी विशेष प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तथा उससे जुड़े ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा। इसके असर से कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। साथ ही मध्यम से तेज बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है।
एक सप्ताह तक राहत के आसार :
मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश की गतिविधियों के कारण आगामी एक सप्ताह तक अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। इससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलेगी।
किसानों और आमजन के लिए चेतावनी :
विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभों, ढीले तारों, बड़े पेड़ों और होर्डिंग्स को नुकसान पहुंच सकता है। धूलभरी आंधी के चलते बुजुर्गों, बच्चों और श्वास रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं फसलों, सब्जियों और फलदार बागों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
ये बरतें सावधानी :
मौसम विभाग ने लोगों से आंधी के दौरान घरों के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बाहर निकलने पर मास्क व चश्मे का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही बिजली के खंभों, ढीले तारों और बड़े पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

