राजस्थान वेदर: बिजली गिरने से दो की मौत, ओलों से हजारों किसानों की फसल बर्बाद, शीतलहर ठिठुरा रही
RNE Bikaner.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मौसम ने इस कदर पलटी मारी है कि अब सर्दी के साथ ही बर्बादी भी बढ़ने लगी है। बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़, चूरू जिलों मंे ओलों से फसलें बर्बाद हो गई। बिजली गिरने से सीकर में एक युवक और कोटा में एक महिला की मौत हो गई। खेतों में खड़ी फसलें जहां बर्बाद हुई वहीं मंडियों मंे पहुंची फल, सब्जियां, फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
दरअसल बीती रात से ही राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया और प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, ओलों का दौर शुरू हो गया। बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ जिले के नोहर, भादरा और चूरू जिले के गालड सिद्मुख, महलाना राजगढ़ में ओलों की बारिश ऐसी हुई कि खून-पसीने से सींचकर तैयार की गई फसल बर्बाद हो गई। सीकर में भी जमकर ओलावृष्टि हुई है। इसके अलावा अलवर के रैणी, कोटा के मंडाना, नीम का थाना आदि इलाकों में ओलावृष्टि से बर्बादी के समाचार मिले हैं।
बारिश और ओलावृष्टि के बीच बिजली गिरने से कोटा के मंडाना में 25 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गइ। सीकर में एक महिला पर बिजली गिरी जिसने हॉस्पिटल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। अलवर में एक घर पर बिजली रिी है जिससे आग लग गई। दीवार ढह गई और घर का लगभग सारा सामान जल गया।
मौसम विभाग की चेतावनी: अभी एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा
इस सबके बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28-29 जनवरी को सर्दी बढ़ेगी, कोहरा छाएगा और कई जगह बारिश होगी। इसके साथ ही 31 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इससे फिर एक फरवरी तक बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा का ने बताया कि आज एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा हवाओं के साथ अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी की सप्लाई भी हो रही है। उक्त के प्रभाव से आज पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में सर्वाधिक असर होने की प्रबल संभावना है।

आज कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में तीव्र मेघगर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि व वज्रपात होने की भी संभावना है। कल 28 जनवरी से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तेज उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में 3-4 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।

29-30 जनवरी को कहीं-कहीं घना कोहरा भी सुबह के समय दर्ज होने की संभावना है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 जनवरी व 1 फरवरी को पुनः राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

