बीकानेर में 70 किमी की रफ्तार से आई लाल आंधी, पेड़ उखड़े, होर्डिंग गिरे, धूल से ढंक गया शहर
May 30, 2026, 16:02 IST
RNE Bikaner.
बीकानेर में शनिवार दोपहर को ऐसी आंधी आई कि पूरे शहर का रंग लाल हो गया। रेतीले बवंडर के साथ आई लाल-पीली आंधी ने शहर से गांव तक आगोश में ले लिए।

बिजली के पोल गिर गए। पेड़ उखड़ गए। कई जगह होर्डिंग सड़क पर गिरे तो कुछ जगह दुकानों, गोदामों और घर की छतों से टीन शेड उड़ गए। जिले के लूणकरणसर में पेड़ गिरने से सड़क पर चलती कार दब गई।

दरअसल मौसम विभाग ने कुछ घंटे पहले ही लगभग 70 किमी रफ्तार से तेज आंधी और बारिश होने की चेतावनी दे दी थी जो कि सही साबित हुई। जिले के लूणकरणसर, महाजन, नापासर, नाल सहित कई गांवों में आंधी से नुकसान के समाचार मिल रहे हैं। दोपहर लगभग 03 बजे बीकानेर शहर में आंधी पहुंची और शहर को धूल से ढंक दिया। तेज हवाओं के चलते बिजली तंत्र को नुकसान पहुंचा और शहर के बड़े हिस्से में बिजली बंद हो गई। इसके साथ ही कुछ इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी भी शुरू हुई है।

