Weather Rajasthan: ओलों की मार, आंधी-बारिश का वार: हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में अलर्ट, पकी फसल पर संकट
Apr 17, 2026, 15:48 IST
RNE Bikaner-Jaipur.
राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए कई जिलों में कहर बरपाया है। हनुमानगढ़ में ओलावृष्टि, चूरू में तेज आंधी और अन्य इलाकों में बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग ने 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है, ऐसे में खासकर पकी हुई गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका गहरा गई है।

हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू और जयपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर ओले गिरने से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल पर असर पड़ना शुरू हो गया है।
किसानों की बढ़ी चिंता :
यह बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ऐसे समय आई है जब गेहूं की फसल पककर तैयार है और कटाई जोरों पर चल रही है। ऐसे में खेतों में रखी फसल के भीगने का खतरा होने के साथ ओलों से दाने झड़ने और गुणवत्ता खराब होने की आशंका हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक तेज आंधी और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

