Weather Rajasthan : 5-7 दिन में और सक्रिय होगा मानसून, जुलाई के पहले सप्ताह में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश
RNE Jaipur.
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून रफ्तार पकड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 से 7 दिनों में मानसून के और सक्रिय होने तथा पूर्वी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसी के साथ राजस्थान में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून की बारिश बढ़ने की संभावना है।

शनिवार को राजस्थान के 27 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
16 जिलों में बरसे बादल, नागौर में सबसे ज्यादा बारिश :
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में प्री-मानसून की अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा नागौर जिले के डेह में 60 मिमी हुई, जबकि मौसम विभाग के नागौर ऑब्जर्वेशन स्टेशन पर 63.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
कहां, कितनी बारिश :
- सवाई माधोपुर (ढील) – 47 मिमी
- नागौर (खींवसर) – 43 मिमी
- डूंगरपुर (फलोज) – 40 मिमी
- उदयपुर (वल्लभनगर) – 35 मिमी
- भीलवाड़ा (करेड़ा) – 35 मिमी
- प्रतापगढ़ (अरनोद) – 32 मिमी
- चित्तौड़गढ़ – 29 मिमी
- प्रतापगढ़ (दलोट) – 27 मिमी
- उदयपुर (डबोक) – 23 मिमी
- झालावाड़ (डग) – 23 मिमी
- दौसा (सिकराय) – 21 मिमी
- हनुमानगढ़ (डाबली राठन) – 18 मिमी
- कोटपूतली-बहरोड़ (विराटनगर)– 18 मिमी
- राजसमंद (कुंभलगढ़) – 16 मिमी
- पाली (हेमावास) – 15 मिमी
- श्रीगंगानगर (हिंदूमलकोट) – 14 मिमी।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म, पश्चिमी राजस्थान में ये हाल :
बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बना हुआ है। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू में 41.9, जैसलमेर में 41.5, बीकानेर में 41.4 और बाड़मेर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी राजस्थान में दौसा 41.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि चित्तौड़गढ़ और उदयपुर संभाग में बारिश के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया।

अगले सप्ताह बढ़ेगी मानसून की रफ्तार :
मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं और अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और मजबूत होने के साथ राजस्थान में भी बारिश का दायरा बढ़ेगा। विशेष रूप से जुलाई के पहले सप्ताह में पूर्वी, दक्षिणी और मध्य राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में भी मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होंगी।
मिलाजुला असर :
बारिश से उदयपुर, कोटा, अजमेर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, नागौर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बनी। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के शुष्क इलाकों में गर्म हवाओं और उमस का असर अभी भी बना हुआ है। प्रदेश में फिलहाल मौसम का मिजाज पूरी तरह मानसून की ओर बढ़ता नजर आ रहा है और आने वाले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

