Monsoon के दौर में तप रहा पश्चिमी राजस्थान : बीकानेर-श्रीगंगानगर-चूरू में पारा 43°C के करीब; जुलाई के पहले सप्ताह में राहत की उम्मीद
RNE Network.
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून रफ्तार पकड़ चुका है। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और पूर्वी भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में भी मानसून की एंट्री की संभावना जताई गई है। इसके उलट पश्चिमी राजस्थान एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है। बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी के तीखे तेवर :

भारत मौसम विज्ञान विभाग (जयपुर) के अनुसार रविवार सुबह तक के आंकड़ों में फलोदी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बीकानेर में 43.2°C, जैसलमेर 43.0°C, श्रीगंगानगर 42.8°C, बाड़मेर 42.9°C और चूरू में 42.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। रातें भी गर्म बनी हुई हैं और बीकानेर, श्रीगंगानगर व फलोदी में न्यूनतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को उमसभरी रातों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्वी राजस्थान में बारिश, पश्चिम में इंतजार :
बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। बांसवाड़ा के पानपुर में 7 सेमी, बारां के मांगरोल और झालावाड़ के मनोहरथाना में 5-5 सेमी वर्षा हुई। पश्चिमी राजस्थान में केवल पाली जिले के देसूरी क्षेत्र में 4 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा।
22 राज्यों तक पहुंचा मानसून :

देशभर में मानसून अब 22 राज्यों को कवर कर चुका है। मध्य प्रदेश, बिहार और पूर्वी भारत में भारी बारिश का दौर जारी है। मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में भी मानसून के प्रवेश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून शेष राज्यों में भी आगे बढ़ेगा।
राजस्थान में कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले चार-पांच दिनों तक कहीं-कहीं आंधी, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा। जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के और सक्रिय होने के साथ राजस्थान के अधिक हिस्सों में बारिश बढ़ने की संभावना है, जिससे पश्चिमी जिलों को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

