Skip to main content

RLP, BAP से गठबंधन ! कांग्रेस ने रोके नागौर, सीकर, बांसवाड़ा, बाड़मेर का टिकट

आरएनई,स्टेट ब्यूरो। 

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस फूंक फूंककर कदम रख रही है। एक तरफ उसने जहां त्याग का रास्ता अपनाया है वहीं दूसरी तरफ उम्मीदवार घोषित करने में कोई जल्दबाजी नहीं कर रही। भाजपा ने पहली सूची में ही 195 उम्मीदवार घोषित कर दिये थे। जिसके जवाब में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दो छोटी छोटी सूचियां जारी की है।भाजपा ने अपनी पहली सूची में राजस्थान की 25 सीटों में से 15 के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। कांग्रेस ने धैर्य रखा और अपनी दूसरी सूची में 10 उम्मीदवार घोषित किये। जिसमें तीन विधायकों को भी टिकट दिया गया। हरीश मीणा, ललित यादव व ब्रजेन्द्र ओला को पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ा रही है।भाजपा ने अपनी पहली सूची में बांसवाड़ा, उदयपुर, सीकर, बाड़मेर व नागौर के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिये। कांग्रेस ने उसके जवाब में केवल उदयपुर सीट के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। शेष सीटों को होल्ड कर दिया गया है। जिसके पीछे उसका राजनीतिक सोच है।राज्य की आदिवासी पार्टी हम के साथ कांग्रेस गठबंधन की फिराक में है और समझौते में उन्हें बांसवाड़ा सीट देना चाहती है। हम ने भी केवल इसी सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित किया है। हम को एक सीट देकर कांग्रेस पूर्वी राजस्थान के आदिवासी वोटर का लाभ लेना चाहती है। गठबंधन की चल रही बात के कारण सीट होल्ड की गई है।

कांग्रेस राज्य में माकपा से भी गठबंधन करना चाहती है। विधानसभा चुनाव में गठबंधन नहीं हुआ तो कांग्रेस को नुकसान उठाना भी पड़ा। अब दोनों दल इंडिया गठबंधन में है इसलिए तालमेल की बात चल रही है। कांग्रेस सीकर व श्रीगंगानगर में से एक सीट माकपा को देकर समझौता करना चाह रही है। इसी कारण दोनों सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित नहीं किये हैं।

नागौर व बाड़मेर सीटों पर हनुमान बेनीवाल का प्रभाव है और इन सीटों के माध्यम से ही उनसे समझौता हो सकता है। इस कारण इन दोनों सीटों को भी कांग्रेस ने होल्ड किया है। कुल मिलाकर कांग्रेस राज्य के शेष रहे 15 उम्मीदवार गठबंधन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही घोषित करेगी, ये तो तय है।
— मधु आचार्य ‘ आशावादी ‘